दंतेवाड़ा में नशे में बाइक चलाना पड़ा भारी, चालक पर 15 हजार रुपये का जुर्माना

दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, 20 फरवरी 2026।
सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बरतते हुए यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले एक चालक के खिलाफ कार्रवाई की, जिसके बाद न्यायालय ने उस पर 15 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। यह कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान सामने आई।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन और उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) नसर उल्लाह सिद्दीकी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही है। इसी क्रम में 11 फरवरी को बांगाबाड़ी तिराहा पातररास में वाहन जांच के दौरान एक स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल चालक को बिना हेलमेट के रोका गया। संदेह होने पर ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने आरोपी संजय कश्यप (30 वर्ष), निवासी कतियाररास, दंतेवाड़ा के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। मामले की सुनवाई के बाद 19 फरवरी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय ने आरोपी को दोषी मानते हुए 15 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया।
 यातायात पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें। ऐसी लापरवाही न केवल चालक बल्कि अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है। सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *