जगदलपुर- छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के तहत लोहाण्डीगुड़ा ब्लॉक में बड़े भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। छत्तीसगढ़ युवा मंच के संस्थापक नरेन्द्र भवानी ने मारडुम स्थित बालक आश्रम (डाइस कोड 22152404503) में मरम्मत कार्य के नाम पर लाखों रुपये की गंभीर अनियमितता का आरोप लगाया है।
नरेन्द्र भवानी ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान आश्रम की मरम्मत के लिए 20 लाख रुपये की स्वीकृति दर्शाते हुए कार्य पूर्ण होने का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया है। हालांकि 15 जनवरी 2026 को किए गए भौतिक निरीक्षण में आश्रम की वास्तविक स्थिति इससे बिल्कुल विपरीत पाई गई। भवन जर्जर हालत में है, दरवाजे-खिड़कियां टूटी हुई हैं और किसी भी प्रकार का मरम्मत कार्य होता नजर नहीं आया।
भवानी ने आदिम जाति कल्याण विभाग और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब मौके पर कोई कार्य हुआ ही नहीं, तो कार्य पूर्ण होने का प्रमाण पत्र और जांच रिपोर्ट कैसे तैयार की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लोहाण्डीगुड़ा ब्लॉक के लगभग 30 अन्य आश्रमों और स्कूलों में भी इसी तरह की अनियमितताएं की गई हैं, जिनका जल्द खुलासा किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ युवा मंच के संस्थापक ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच दल गठित कर पूरे मामले की जांच कराने और दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना में करोड़ों की गड़बड़ी का आरोप