दंतेवाड़ा, 15 जनवरी 2026।
जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में अमर शहीद जवानों की स्मृति में दंतेवाड़ा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत शौर्य स्मृति क्रिकेट लीग का भव्य शुभारंभ किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन माता दंतेश्वरी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं शहीद जवानों के नामपट्ट पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि उपमहानिरीक्षक पुलिस (से.नि.) कमलोचन कश्यप (भा.पु.से.), पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा गौरव राय (भा.पु.से.) एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा (भा.प्र.से.) उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलने, जीत-हार को समान रूप से स्वीकार करने तथा निरंतर आगे बढ़ते रहने का संदेश दिया।
इस क्रिकेट लीग में जिले की कुल 32 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें प्रत्येक थाना क्षेत्र की स्थानीय टीमें, जिला पुलिस, सीएएफ, प्रशासन, केंद्रीय पुलिस बल, पत्रकार एवं जनप्रतिनिधियों की टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 75 हजार रुपये एवं द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये के साथ-साथ बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
यह लीग 15 से 25 जनवरी तक आयोजित की जाएगी। प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक तीन मुकाबले खेले जाएंगे, जिनका आनंद आम नागरिक भी ले सकेंगे। टूर्नामेंट का उद्देश्य खेल भावना का विकास, पुलिस और जनता के बीच समन्वय सुदृढ़ करना तथा जिले के अंदरूनी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना है।
शुभारंभ के अवसर पर खेले गए पहले मुकाबले में दंतेवाड़ा ‘ए’ ने मलेवाही ‘बी’ को हराया। दंतेवाड़ा ‘ए’ द्वारा दिए गए 131 रनों के लक्ष्य के जवाब में मलेवाही ‘बी’ की टीम 56 रन पर ऑलआउट हो गई। इस मैच के मैन ऑफ द मैच सचिन मसीह रहे, जिन्होंने 50 रन बनाए और 2 विकेट लिए।
दूसरे मैच में गीदम ‘बी’ ने कुआकोंडा ‘बी’ (मेलवाड़ा) को 113 रनों का लक्ष्य हासिल कर पराजित किया। इस मुकाबले में आशीष को 35 रन और 2 विकेट के शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दिन के अंतिम मुकाबले में दंतेवाड़ा ‘ए’ ने गीदम ‘बी’ को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इस मैच में वेदांत गुप्ता ने 4 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई और मैन ऑफ द मैच बने।
शुभारंभ कार्यक्रम में नगर उप पुलिस अधीक्षक नसरूल्ला सिद्दकी, उप पुलिस अधीक्षक गोविंद दीवान, उप पुलिस अधीक्षक कमलजीत पाटले, उप पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुम्भकार, रक्षित निरीक्षक सुशील नौटियाल, थाना प्रभारी गीदम निरीक्षक विजय पटेल, थाना प्रभारी दंतेवाड़ा निरीक्षक धनंजय सिन्हा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, क्रिकेट प्रेमी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
दंतेवाड़ा में शौर्य स्मृति क्रिकेट लीग का शुभारंभ, शहीद जवानों को खेल के माध्यम से श्रद्धांजलि