सोनीपत, 18 सितंबर 2026। हरियाणा के सोनीपत की सिक्का कॉलोनी में पिटबुल डॉग के हमले का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां बुआ के साथ सड़क पर जा रहे 6 महीने के बच्चे पर पिटबुल ने अचानक हमला कर दिया। हमले की पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि महिला बच्चे को गोद में लेकर सड़क पर चल रही थीं। इसी दौरान पिटबुल तेजी से उनकी ओर दौड़ा और बच्चे पर झपट पड़ा। अचानक हुए हमले से महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह बच्चे समेत सड़क पर गिर गईं। इसके बाद कुत्ते ने बच्चे को मुंह में दबोच लिया।
काफी मशक्कत के बाद बच्चे को छुड़ाया
महिला ने बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ते ने उसे नहीं छोड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने डंडे और चप्पलों की मदद से पिटबुल को हटाने का प्रयास किया। CCTV में कुत्ते को बच्चे को पकड़कर सड़क पर घसीटते हुए भी देखा जा सकता है। काफी मशक्कत के बाद बच्चे को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया गया।
हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रोहतक के अस्पताल रेफर कर दिया।
परिवार ने पुलिस में नहीं दी शिकायत
बताया जा रहा है कि घटना को लेकर बच्चे के परिवार की ओर से अभी तक पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों ने रिहायशी इलाके में कुत्तों को सुरक्षित तरीके से रखने और उनकी निगरानी को लेकर सवाल उठाए हैं।