15मई 2026
रायगढ़ जिले में एक महिला अधिवक्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तुमीडीह इलाके में तीन दिन पहले मिली युवती की निर्वस्त्र लाश की पहचान अब आराधना सिदार के रूप में हुई है, जो पेशे से वकील थीं। पहचान सामने आते ही अधिवक्ता संघ, परिजन और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
घटना के बाद पूरे जिले में कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। महिला अधिवक्ता की इस हालत में लाश मिलने से लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस पर भी जल्द कार्रवाई का दबाव बढ़ता जा रहा है।
मृतका की पहचान होने के बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता संघ के सदस्य एसपी कार्यालय पहुंचे और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। वकीलों ने कहा कि एक महिला अधिवक्ता की हत्या सिर्फ एक अपराध नहीं बल्कि न्याय व्यवस्था को चुनौती देने जैसा मामला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपी गिरफ्तार नहीं किए गए तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस दौरान आराधना सिदार की बहन भी अधिवक्ताओं के साथ मौजूद रहीं। उन्होंने बताया कि आराधना का किसी से कोई विवाद नहीं था और परिवार को इस तरह की अनहोनी की बिल्कुल उम्मीद नहीं थी। परिजनों के मुताबिक घटना वाले दिन जब परिवार ने आराधना को फोन किया, तब कॉल किसी अज्ञात युवती ने उठाया। वह आराधना की आवाज में बात करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन परिवार वालों को उसकी आवाज अलग लगी और तभी उन्हें किसी बड़ी साजिश का अंदेशा हो गया।
परिवार का आरोप है कि घटना को तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक कोई ठोस सफलता नहीं लगी है। परिजनों को डर है कि यदि जांच में तेजी नहीं लाई गई तो आरोपी सबूत मिटा सकते हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की है।
घटना के बाद अधिवक्ता संघ में भी जबरदस्त नाराजगी है। वकीलों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। उनका आरोप है कि महिला सुरक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
गौरतलब है कि तीन दिन पहले तुमीडीह इलाके में एक युवती की निर्वस्त्र लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका जताई गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी, लेकिन पहचान नहीं हो पाने से मामला उलझा हुआ था। अब मृतका की पहचान होने के बाद जांच कई नए एंगल से की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से जारी है और कई बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।