साइबर ठगी का पर्दाफाश: दंतेवाड़ा पुलिस ने बिहार से आरोपी को दबोचा, 7.91 लाख की धोखाधड़ी का खुलासा

दंतेवाड़ा | 20 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ऑनलाइन टास्क के जरिए रकम दोगुनी करने का लालच देकर लाखों की ठगी को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, बचेली थाना क्षेत्र के एक प्रार्थी और उसके साथियों से 15 मार्च 2025 से 18 जून 2025 के बीच लिंक के माध्यम से टास्क पूरा कराने के नाम पर 7,91,547 रुपए की ठगी की गई थी। मामले की शिकायत के बाद थाना बचेली में अपराध क्रमांक 29/2025 के तहत धारा 318(4), 111(1)(3) बीएनएस और 66(D) आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।
जांच के दौरान दंतेवाड़ा पुलिस ने फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन एनालिसिस और साइबर फॉरेंसिक टूल्स का उपयोग करते हुए 100 से अधिक बैंक खातों की जांच की। इसके आधार पर टीम बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंची और आरोपी अजय कुमार महतो (38 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल, चेक बुक, तीन पैन कार्ड, एक आधार कार्ड और 11,000 रुपए नकद बरामद किए हैं। आरोपी को 20 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन, डीएसपी ठाकुर गौरव सिंह और एसडीओपी कमलजीत पाटले के मार्गदर्शन में साइबर सेल, थाना बचेली और सिटी कोतवाली दंतेवाड़ा की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस लगातार लोगों को साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूक कर रही है और किसी भी फ्रॉड की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत शिकायत करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *