गरियाबंद/रायपुर, 9 नवंबर 2026। दिवाली की रात गरियाबंद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। राजिम क्षेत्र के टीला एनीकट के पास एक कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में पत्रकार, उनकी पत्नी और दो बच्चों समेत एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान पत्रकार शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, 19 वर्षीय बेटे विकास और 21 वर्षीय बेटी पूर्वा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार दिवाली मनाने के लिए रायपुर से अपने गृह नगर की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद नदी से चारों शव बरामद किए गए। कार को भी नदी से बाहर निकाल लिया गया है।
गरियाबंध के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करण उइके ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शवों को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया के लिए चंपारण भेजा गया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
दिवाली जैसे त्योहार के मौके पर एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर से रायपुर और गरियाबंद के पत्रकार जगत समेत स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। त्योहार की खुशियां एक ही रात में मातम में बदल गईं।