CM विष्णुदेव साय पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट से बवाल, भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर की कार्रवाई की मांग

जशपुर3जुलाई2026 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जशपुर जिले के बगीचा थाना में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिखित शिकायत सौंपकर संबंधित सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अमित पाण्डेय ने फेसबुक पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा को लेकर कई कथित आपत्तिजनक और अभद्र पोस्ट साझा किए हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि इन पोस्टों के जरिए बिना किसी ठोस आधार के मुख्यमंत्री और पार्टी की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है।
शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को कथित रूप से “अयोग्य मुख्यमंत्री” कहकर संबोधित किया गया, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं और जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश की गई है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल किसी भी व्यक्ति या संवैधानिक पद पर बैठे जनप्रतिनिधि की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध तथ्यों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *