रायगढ़3जुलाई 2026/जिले के लैलूंगा स्थित शासकीय महाविद्यालय में प्रोफेसर और छात्रा के बीच कथित अश्लील मैसेज विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। पहले वायरल वीडियो में छात्रा अपने मंगेतर के साथ प्रोफेसर के घर पहुंचकर हंगामा और मारपीट करती दिखाई दी थी। अब सोशल मीडिया पर एक और कथित वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे मामले को नई दिशा दे दी है।
वायरल वीडियो में छात्रा कथित तौर पर प्रोफेसर से ढाई लाख रुपये की मांग करती सुनाई दे रही है। वीडियो में पैसे नहीं देने पर घर और गाड़ी बेचने तक की बात कहकर कथित दबाव बनाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इस वीडियो की सत्यता की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जांच में आया नया एंगल
नए वीडियो के सामने आने के बाद मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जहां शुरुआती घटनाक्रम के बाद लोगों की सहानुभूति छात्रा के पक्ष में दिखाई दे रही थी, वहीं अब सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे कथित ब्लैकमेलिंग के एंगल से भी जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, इन दावों की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस के सामने बढ़ी चुनौती
लैलूंगा थाना पुलिस अब दो पहलुओं पर जांच कर रही है। एक ओर प्रोफेसर पर लगाए गए कथित अश्लील मैसेज भेजने के आरोप हैं, वहीं दूसरी ओर वायरल हुए नए वीडियो की प्रामाणिकता की भी जांच की जाएगी। पुलिस वीडियो की फोरेंसिक जांच समेत सभी तथ्यों की पड़ताल करेगी।
जांच के बाद ही सामने आएगी सच्चाई
फिलहाल इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। ऐसे में जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। पुलिस और फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला कथित उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग या किसी अन्य साजिश से जुड़ा है।
रायगढ़ अश्लील मैसेज विवाद में बड़ा ट्विस्ट! छात्रा का कथित नया वीडियो वायरल, ₹2.5 लाख मांगने का दावा