जबलपुर के सिहोरा में मंदिर विवाद से तनाव, भीड़ काबू करने पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

जबलपुर/21/02/2026मध्यप्रदेश जबलपुर जिले के सिहोरा क्षेत्र में आजाद चौक स्थित दुर्गा मंदिर में आरती के दौरान दो पक्षों के बीच हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना के दौरान मंदिर परिसर में एक युवक के साथ मारपीट की गई और गुस्साए लोगों ने मंदिर की ग्रिल में तोड़फोड़ भी कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वार्ड क्रमांक 5 स्थित मंदिर में आरती के समय किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते बड़े विवाद में बदल गई। बहस इतनी बढ़ गई कि मौके पर मौजूद लोगों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। एहतियात के तौर पर आसपास की दुकानों ने तुरंत शटर बंद कर दिए।
हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कई थानों का पुलिस बल मौके पर भेजा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े। फिलहाल पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और कर्फ्यू जैसे हालात बने हुए हैं।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। मामले की जांच जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *