ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर माओवादियों के मंसूबों पर बड़ा वार, गुप्त हथियार भंडार ध्वस्त; IED समेत भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

8जुलाई 2026

ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर सुरक्षाबलों ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए  सात जुलाई को उनके एक गुप्त हथियार भंडार का पर्दाफाश किया है। नुआपाड़ा जिले के पटाहारा आरक्षित वन में खुफिया सूचना के आधार पर जिला स्वयंसेवी बल (DVF) और सीआरपीएफ ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने माओवादियों के छिपे ठिकाने से दो देसी बंदूकें, एक देसी कार्बाइन, एके-47 और एसएलआर के दर्जनों कारतूस, दो टिफिन IED, जिलेटिन स्टिक, बारूद, डेटोनेटर, सोलर पैनल, बैटरियां, वायर, माओवादी वर्दी, साहित्य, दवा किट और अन्य सामग्री बरामद की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन का पुराना हथियार डंप था, जिसका इस्तेमाल IED बनाने, हथियारों की आपूर्ति और जंगल में सक्रिय माओवादी दस्तों की रसद व्यवस्था के लिए किया जाता था। नुआपाड़ा के पुलिस अधीक्षक अमृतपाल सिंह ने बताया कि इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन अभी भी जारी है और आशंका है कि जंगल में ऐसे अन्य गुप्त हथियार भंडार भी छिपे हो सकते हैं। बरामदगी के बाद ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और कड़ा कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *