छत्तीसगढ़ में मौसम ने बदला मिजाज: 8 जिलों में यलो अलर्ट, गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

रायपुर6अक्टूबर2026/ छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का दौर जारी है। इस बीच प्रदेश के आठ जिलों में मौसम विभाग ने बारिश और गरज-चमक को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

यलो अलर्ट वाले जिलों में रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।

वहीं राजधानी रायपुर में मानसून की विदाई के बाद गर्मी बढ़ गई है। मंगलवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटे में मौसम शुष्क

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा और किसी भी स्थान पर बारिश दर्ज नहीं की गई। राजनांदगांव में प्रदेश का सबसे अधिक 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। रायपुर में 34.4, पेंड्रारोड में 33.8, बिलासपुर में 33.6, दुर्ग में 33.5, जगदलपुर में 33.3 और अंबिकापुर में 32 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़, विदर्भ और मराठवाड़ा से होकर एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ से मानसून की पूरी तरह विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *