लखनऊ एयरपोर्ट के लेबर कैंप में भीषण आग, 17 कमरे जलकर खाक; जान बचाने दूसरी मंजिल से कूदा मजदूर

लखनऊ, 6 अक्टूबर 2026/ लखनऊ एयरपोर्ट परिसर में मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे मजदूरों के लिए बनाए गए अस्थायी लेबर कैंप में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में तीन मंजिला इमारत इसकी चपेट में आ गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।

हादसे में दो मजदूर घायल हुए हैं। बिहार निवासी 30 वर्षीय निर्मल आग की चपेट में आने से मामूली रूप से झुलस गया, जबकि प्रतापगढ़ निवासी 26 वर्षीय राहुल कुमार ने जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसे चोट आई। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आग जिस इमारत में लगी, वह एयरपोर्ट टर्मिनल से करीब 800 मीटर दूर है। मजदूरों के रहने के लिए पीवीसी यानी प्लास्टिक सामग्री से अस्थायी कमरे बनाए गए थे, जिसके चलते आग तेजी से फैल गई। इमारत में कुल 33 कमरे थे, जिनमें से 17 कमरे आग में जल गए। यहां करीब 300 मजदूर रहते थे, जो एयरपोर्ट परिसर में एक होटल के निर्माण कार्य में जुटे थे।

आग के दौरान करीब 20 फीट ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं और धुआं करीब दो किलोमीटर दूर से नजर आया। कई मजदूरों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। मजदूरों के मुताबिक, आग में कपड़े, पैसे और अन्य सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे का विमानों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *