दंतेवाड़ा 6अक्टूबर2026/ किरंदुल में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 8 किलो 400 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 4 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में शंकर घोष (42) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 04, बंगाली कैम्प, राधाकृष्ण मंदिर के पास रहने वाला शंकर घोष अपने घर में बिक्री के लिए गांजा रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके घर पर दबिश देकर तलाशी ली। इस दौरान एक प्लास्टिक बोरी में गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन 8 किलो 400 ग्राम पाया गया।
पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी शंकर घोष पिता नंद लाल घोष को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे 6 अक्टूबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।