जगदलपुर6अक्टूबर2026/ बस्तर जिले में ज्वेलरी शॉप से सोने के आभूषण चोरी करने वाले महाराष्ट्र के पांच आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 23 अगस्त को भीड़भाड़ का फायदा उठाकर दुकान से सोने के कान में पहनने वाले सुई-धागा आभूषण चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण बेचने के बाद बची 20 हजार रुपये की रकम और 5 मोबाइल फोन, कुल करीब 50 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को ज्वेलरी दुकान संचालक ने दुकान बंद करने से पहले सोने-चांदी के सामान का मिलान किया। इस दौरान सोने के आभूषण के वजन में करीब 11.500 ग्राम की कमी मिली। सीसीटीवी फुटेज देखने पर दो महिलाएं और दो पुरुष दुकान में नजर आए, जो भीड़ का फायदा उठाकर सोने के आभूषण चोरी करते दिखाई दिए।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान महाराष्ट्र के सोलापुर, पुणे और मुंबई क्षेत्र से जुड़े पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार की और चोरी किए गए सोने के आभूषण बेचने की बात बताई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से बिक्री की शेष रकम 20 हजार रुपये और 5 मोबाइल फोन जब्त किए। सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।