जगदलपुर, 14 सितंबर 2026। आगामी गणेशोत्सव और विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए बस्तर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में थाना कोतवाली परिसर में गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों और आयोजकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक CSP जगदलपुर सुमित कुमार धोत्रे की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर सहित गणेश समितियों के पदाधिकारी और आयोजक मौजूद रहे। बैठक पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन में आयोजित की गई।
पुलिस ने गणेश पंडालों में CCTV कैमरे और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आग से बचाव के लिए फायर सेफ्टी और विद्युत सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने को कहा गया।
विसर्जन कार्यक्रम को लेकर समितियों को निर्धारित मार्ग, समय और स्थल का पालन करने तथा विसर्जन रैली के दौरान यातायात और आम लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने DJ और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल को लेकर भी नियमों का पालन करने को कहा। साथ ही अश्लील या आपत्तिजनक गीतों के इस्तेमाल पर रोक रखने के निर्देश दिए गए। विसर्जन रैली में हथियारों का प्रदर्शन, खतरनाक स्टंट और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई।
भीड़ को नियंत्रित करने और आपात स्थिति से निपटने के लिए समितियों को पर्याप्त संख्या में जिम्मेदार स्वयंसेवक तैनात करने के लिए कहा गया है। वहीं पंडाल और विसर्जन मार्ग के आसपास स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन का ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस ने समितियों से किसी भी अप्रिय घटना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बैठक में गणेश समितियों ने सभी नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में उत्सव मनाने तथा पुलिस-प्रशासन को सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
बस्तर पुलिस ने आमजन और गणेश उत्सव समितियों से अपील की है कि गणेशोत्सव को श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के साथ मनाएं और सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
बस्तर पुलिस का संदेश — “श्रद्धा के साथ उत्सव, जिम्मेदारी के साथ आयोजन।”