राजीव युवा उत्थान योजना: सिविल सेवा तैयारी हेतु चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन 27–28 जनवरी को

जगदलपुर, 17 जनवरी 2026।
राजीव युवा उत्थान योजना अंतर्गत वर्ष 2025-26 में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 27 एवं 28 जनवरी 2026 को आयोजित की जाएगी। यह सत्यापन प्राक्चयन परीक्षा की मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इस योजना के तहत राज्य के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिभावान अभ्यर्थियों से नई दिल्ली स्थित सूचीबद्ध कोचिंग संस्थाओं में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इसके लिए प्राक्चयन परीक्षा 28 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी, जिसकी मेरिट सूची विभागीय वेबसाइट पर अपलोड की जा चुकी है।
मेरिट सूची के आधार पर दस्तावेज सत्यापन हेतु वर्गवार अभ्यर्थियों की सूची एवं कार्यक्रम का विस्तृत विवरण विभागीय वेबसाइट www.tribal.cg.gov.in पर देखा जा सकता है।
 दस्तावेज सत्यापन का कार्यक्रम
27 जनवरी 2026: अनुसूचित जनजाति वर्ग
28 जनवरी 2026: अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग समय: सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक
 स्थान: मीटिंग हॉल क-04, तृतीय तल, इन्द्रावती भवन, नवा रायपुर
दस्तावेज सत्यापन के समय अभ्यर्थियों को योजना नियम की कंडिका-01 के अनुसार प्राक्चयन परीक्षा का प्रवेश पत्र, कक्षा 10वीं एवं स्नातक की अंकसूची, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों हेतु आय प्रमाण पत्र तथा नोटरी द्वारा अभिप्रमाणित स्वघोषणा प्रमाण पत्र के मूल दस्तावेज अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने होंगे।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित न होने वाले अथवा अपूर्ण दस्तावेज प्रस्तुत करने वाले अभ्यर्थियों पर विचार नहीं किया जाएगा। निर्धारित समय के पश्चात दस्तावेज सत्यापन एवं किसी भी प्रकार का अभ्यावेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *