8जुलाई2026
नारायणपुर। अबूझमाड़ के घने जंगलों में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। आईटीबीपी की 53वीं बटालियन और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किया। सबसे खतरनाक बरामदगी 15 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर IED की रही, जिसे बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।
खुफिया सूचना के आधार पर 7 जुलाई को अड़िंगपार कैंप से एडसमेटा और आसपास के जंगलों में विशेष एरिया डोमिनेशन पेट्रोलिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जवानों ने जमीन के भीतर छिपाकर रखा गया नक्सली डंप बरामद किया। यहां से एक देसी रॉकेट लॉन्चर, 16 देशी 51 मिमी मोर्टार राउंड, 5 रॉकेट लॉन्चर राउंड, 10 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (BGL) राउंड, .303 राइफल के 8 कारतूस और चार सामरिक पाउच भी जब्त किए गए।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि बरामद हथियारों और विस्फोटकों का इस्तेमाल सुरक्षा बलों पर बड़े हमले की तैयारी के लिए किया जाना था। समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई। अभियान सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद सभी जवान सुरक्षित कैंप लौट आए। बरामद सामग्री को जब्त कर आगे की जांच की जा रही है, जबकि अबूझमाड़ के अंदरूनी इलाकों में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है।