जगदलपुर, 25 जून 2026।
बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से बस्तर जिले में 25 जून से विशेष जनस्वास्थ्य अभियान “10 सप्ताह, 10 बजे, 10 मिनट” की शुरुआत कर दी गई है। स्वच्छ एवं स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत शुरू किए गए इस अभियान का शुभारंभ कलेक्टर आकाश छिकारा ने कलेक्टर कार्यालय परिसर से किया। उन्होंने स्वयं कार्यालय परिसर में रखे कूलरों का पानी खाली कराया तथा प्लास्टिक के अनुपयोगी सामान और अन्य जलभराव वाले स्थानों की सफाई कराकर अभियान का संदेश दिया।
अभियान के तहत जिले के सभी शासकीय विभागों, कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य संस्थानों तथा अन्य शासकीय एवं अर्धशासकीय संस्थाओं में जनभागीदारी के साथ स्वच्छता और वेक्टर नियंत्रण गतिविधियां संचालित की जाएंगी। अगले 10 सप्ताह तक प्रत्येक गुरुवार सुबह ठीक 10 बजे 10 मिनट के लिए सभी संस्थानों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
इस दौरान कूलर, पानी की टंकियां, गमले, पुराने टायर, नालियां और अन्य जलभराव वाले स्थानों की सफाई कर मच्छरों के पनपने के स्रोतों को समाप्त किया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार नालियों और जलभराव वाले क्षेत्रों में स्वीकृत उपायों का उपयोग किया जाएगा तथा फॉगिंग एवं अन्य वेक्टर नियंत्रण गतिविधियों को भी गति दी जाएगी। साथ ही परिसर और आसपास फैले कचरे एवं अनुपयोगी सामग्री का सुरक्षित निष्पादन कर स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा।
अभियान का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य लोगों को डेंगू, मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना भी है। इसके लिए कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को साफ-सफाई, जलभराव रोकने और मच्छरों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी लोगों से अपने घरों, कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा नहीं होने देने तथा नियमित सफाई बनाए रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि यह अभियान 25 जून से शुरू होकर लगातार 10 सप्ताह तक प्रत्येक गुरुवार आयोजित किया जाएगा।
अभियान के शुभारंभ के दौरान अपर कलेक्टर सी.पी. बघेल सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से इस जनस्वास्थ्य अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ बस्तर के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।