दंतेवाड़ा, 30 सितंबर 2026। बचेली थाना पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में पिकअप वाहन में भरा 10.680 टन लोहे का स्क्रैप और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने चुराई हुई संपत्ति होने के संदेह में दो आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 35(1)(E) और बीएनएस की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि पिकअप वाहन क्रमांक CG18S6590 हिलटॉप होटल, बचेली के पास लोहे के स्क्रैप से भरा खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की।
वाहन में मिले कबाड़ के संबंध में आरोपियों से वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहन और स्क्रैप को जब्त कर लिया तथा दोनों आरोपियों को न्यायालय बचेली में पेश किया।
जब्त सामान में शामिल
- लोहे के रॉड
- क्रेशर के रोलर
- गियर बॉक्स व बैरिंग
- चैनल और एंगल
- नट-बोल्ट
- अन्य लोहे का स्क्रैप
- कुल वजन: 10.680 टन
पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा
- पियूष मुखर्जी, उम्र 35 वर्ष, पुराना मार्केट बचेली
- रघु मरकाम, उम्र 22 वर्ष, पुराना मार्केट बचेली
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार खूंटे के मार्गदर्शन, एसडीओपी किरंदुल अविनाश ठाकुर के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी निरीक्षक अर्जुन पटेल के नेतृत्व में की गई।
दंतेवाड़ा पुलिस के अनुसार, कबाड़ कारोबारियों द्वारा चोरी का सामान खरीदने के संदेह को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है और संदिग्ध मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।