जगदलपुर, 30 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान और राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जगदलपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत गरावांड कला के आश्रित ग्राम भाटागुड़ा में ‘अंगना मिलन’ एवं विशेष पोषण जागरूकता समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं, किशोरी बालिकाओं, बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हरी साग-सब्जियों, मौसमी फलों और पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसके जरिए लोगों को संतुलित और विविधतापूर्ण आहार के महत्व की जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों ने स्थानीय खान-पान से मिलने वाले पोषण लाभों की जानकारी देते हुए महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं से संवाद भी किया।
समारोह में महिलाओं के लिए मटका फोड़ और कुर्सी दौड़, किशोरी बालिकाओं के लिए रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस और स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। इन गतिविधियों के माध्यम से मनोरंजन के साथ स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज सिन्हा ने कुपोषण उन्मूलन के लिए स्वच्छता, संतुलित खान-पान और विभागीय योजनाओं में सक्रिय सहभागिता के महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी संध्या ज्योति बाला अपनी सेवानिवृत्ति के दिन उपस्थित रहीं। कार्यक्रम आयोजक सुपरवाइजर निहारिका गौतम, सुपरवाइजर रेखा नाग, अनीता सिंह, ज्योत्सना सहित अन्य सुपरवाइजर, स्थानीय पंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। साथ ही अपने-अपने पोषक क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।