शाहजहांपुर, 1 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में मंदिर परिसर में दो साधुओं की हत्या का मामला सामने आया है। घटना खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान गोपाल दास और बिहारी दास के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों साधु मंदिर में अपने बिस्तर पर सो रहे थे। इसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपियों ने शवों को भी जला दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने मामले में एक स्थानीय ग्रामीण को हिरासत में लिया है। शुरुआती जानकारी में मंदिर की संपत्ति से जुड़े विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी जांच का विषय है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच जारी है।
एटा में मंदिर के पुजारी की भी हत्या
इसी बीच एटा जिले में भी मंदिर के पुजारी की हत्या का मामला सामने आया है। थाना निधौली कलां क्षेत्र के लालपुर गांव में मंदिर के बाहर पुजारी भोजराज का शव मिला। पुलिस के मुताबिक, उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान हैं।
सूचना के बाद पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। फिलहाल इस मामले में भी हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।