दिल्ली के सरकारी अस्पताल में बड़ा हादसा: मरीज पर गिरा सीलिंग फैन, मौत के बाद मचा बवाल

20जुलाई 2026

दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल में एक दर्दनाक हादसे ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती 42 वर्षीय मरीज के ऊपर अचानक सीलिंग फैन गिर गया, जिसके कुछ घंटों बाद उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मरीज को उच्च रक्तचाप, मेनिंगोएन्सेफलाइटिस और निमोनिया की शिकायत के चलते 18 जुलाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार रात करीब 9:30 बजे जब वार्ड में उसका उपचार चल रहा था, तभी सीलिंग फैन का शाफ्ट टूट गया और पंखा मरीज पर आ गिरा।

मरीज की हालत बिगड़ने के बाद उसे तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई, लेकिन रविवार तड़के 12:16 बजे उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीज पहले से ही गंभीर श्वसन संबंधी बीमारी से जूझ रहा था और उसके शरीर पर किसी बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं।

वहीं, मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अस्पताल की हालत बेहद खराब है, जहां जंग लगे बेड, खराब एसी और जर्जर सुविधाएं मरीजों की जान को खतरे में डाल रही हैं। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

घटना के बाद अस्पतालों की बदहाल स्थिति को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। यह हादसा राजधानी के सरकारी अस्पतालों में बुनियादी ढांचे और रखरखाव को लेकर गंभीर चिंताओं को फिर से सामने ले आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *