राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बस्तर दौरे की तैयारियां तेज, कमिश्नर-कलेक्टर और एसपी ने लिया जायजा

23 अक्टूबर को मुरिया दरबार में शामिल होंगी राष्ट्रपति, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

जगदलपुर, 18 अक्टूबर 2026। विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा के अवसर पर 23 अक्टूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित बस्तर प्रवास को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रपति सिरहासार भवन में आयोजित ऐतिहासिक मुरिया दरबार में शामिल होंगी। उनके आगमन को देखते हुए रविवार को कमिश्नर डोमन सिंह ने कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा के साथ प्रमुख आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

अधिकारियों ने सबसे पहले मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर दर्शन व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया। इसके बाद सिरहासार भवन में मुरिया दरबार की पारंपरिक व्यवस्था, बैठक और आयोजन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की गई। वहीं, लालबाग मैदान में प्रस्तावित आमसभा और बस्तर दशहरा की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाली विशेष प्रदर्शनी की तैयारियों का भी जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर, कलेक्टर और एसपी ने संबंधित विभागों को मंच सज्जा, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और आमजन की सुविधाओं से जुड़े कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने आयोजन स्थलों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार, अपर कलेक्टर सीपी बघेल एवं दिलेराज डाहिरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *