बुजुर्गों को मिलेगा बेहतर इलाज, महारानी अस्पताल में शुरू हुआ 10 बिस्तरों वाला ‘सियान संजीवनी’ केंद्र

जगदलपुर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं शुरू, टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों को भी मिली जांच किट

जगदलपुर, 18 अक्टूबर 2026। बस्तर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। महारानी जिला चिकित्सालय, जगदलपुर में 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए 10 बिस्तरों वाले ‘सियान संजीवनी पुनर्वास केंद्र’ का संचालन शुरू हो गया है। इस केंद्र के माध्यम से बुजुर्गों को विभिन्न स्वास्थ्य जांच, उपचार संबंधी परामर्श और पुनर्वास से जुड़ी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

‘स्वस्थ बुजुर्ग, समृद्ध समाज’ की अवधारणा के तहत शुरू किए गए इस केंद्र का शुभारंभ जगदलपुर विधायक किरण देव और महापौर संजय पांडे के मुख्य आतिथ्य में हुआ। यहां वरिष्ठ नागरिकों के लिए ब्लड प्रेशर, शुगर, नेत्र रोग, हड्डियों और जोड़ों की जांच के साथ पोषण संबंधी परामर्श, मानसिक स्वास्थ्य काउंसिलिंग और टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध होगी।

बच्चों को भी मिली निःशुल्क डायबिटीज जांच किट

कार्यक्रम के दौरान बाल मधुमेह योजना के तहत टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों को विधायक किरण देव ने निःशुल्क डायबिटीज जांच किट वितरित की। इससे बच्चे घर पर ही नियमित रूप से अपने रक्त में शुगर के स्तर की निगरानी कर सकेंगे और बीमारी के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी।

इस पहल से एक ओर जहां बुजुर्गों को उनकी उम्र के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी, वहीं मधुमेह से पीड़ित बच्चों को भी नियमित जांच में सुविधा होगी।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद, नोडल अधिकारी डॉ. भंवर शर्मा, डॉ. अग्रवाल, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पी. एम. कोठारी, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. कोटवानी, हॉस्पिटल कंसल्टेंट डॉ. नीरज ओझा और डॉ. आर. बी. पी. गुप्ता सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *