भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया नमन

जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उनके ऐतिहासिक योगदान को किया याद, कहा– उनके आदर्श हमेशा देशवासियों को प्रेरित करते रहेंगे

रायपुर/जशपुर, 19 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने आज जशपुर प्रवास के दौरान भगवान बिरसा मुंडा चौक पहुंचकर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग और जनजातीय समाज के उत्थान में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान जननायक, समाज सुधारक और जनजातीय अस्मिता एवं स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उन्होंने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन की शोषणकारी नीतियों और अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया। साथ ही जनजातीय समाज को संगठित कर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया और जल, जंगल तथा जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष केवल अंग्रेजी शासन के विरुद्ध नहीं था, बल्कि यह सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक पहचान और जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा का भी आंदोलन था। उन्होंने समाज में एकता, आत्मसम्मान और सामाजिक चेतना जगाने के साथ कुरीतियों को दूर करने तथा समाज को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वित्त मंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का त्याग, संघर्ष और बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर जशपुर विधायक रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *