बैंक अफसर बना भरोसे का गुनहगार! किसान के खाते से उड़ाए 9.50 लाख, एक साल बाद चढ़ा पुलिस के हत्थे

27मई2026

दंतेवाड़ा। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र में करोड़ों के बैंकिंग सिस्टम पर भरोसा करने वाले एक किसान के साथ बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कृषि लोन दिलाने के नाम पर भरोसा जीतने वाले बैंक के फील्ड ऑफिसर ने ही किसान के खाते से लाखों रुपये पार कर दिए। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मामला वर्ष 2024 का बताया जा रहा है। प्रार्थी ने एक्सिस बैंक गीदम शाखा से संयुक्त खाते के जरिए लगभग 14 लाख 39 हजार रुपये का कृषि लोन लिया था। आरोप है कि इसी दौरान बैंक से जुड़े फील्ड ऑफिसर ने खाते की पूरी जानकारी और लेन-देन प्रक्रिया का फायदा उठाकर योजनाबद्ध तरीके से रकम निकालना शुरू कर दिया।

पीड़ित के अनुसार आरोपी ने एटीएम, ट्रांजेक्शन और बैंकिंग प्रक्रिया का दुरुपयोग करते हुए फरवरी और मार्च 2024 के दौरान करीब 9 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली। जब खाते से रकम कम होने की जानकारी मिली तो पीड़ित ने आरोपी से संपर्क कर पैसे वापस मांगे, लेकिन वह लगातार बहाने बनाता रहा और बाद में फरार हो गया।

पीड़ित की शिकायत पर गीदम थाना में धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। मोबाइल सीडीआर, साइबर लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर आखिरकार पुलिस ने आरोपी को जगदलपुर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई को गीदम पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *