27मई 2026
ओडिशा के कालाहांडी जिले से दिल दहला देने वाली घटना मंगलवार को सामने आई है, जहां एक निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में उतरने के दौरान दम घुटने से 6 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक यह हादसा मदनपुर-रामपुर थाना क्षेत्र के गौड़ा कारलाखुंटा गांव में हुआ। बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के भीतर जहरीली गैस भर गई थी। इसी दौरान एक व्यक्ति टैंक के अंदर गया और बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए एक-एक कर अन्य लोग भी अंदर उतरते चले गए, लेकिन जहरीली गैस की चपेट में आने से सभी की हालत बिगड़ गई।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल मदनपुर रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक व्यक्ति का इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में दम घुटने और जहरीली गैस को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बिना सुरक्षा उपकरणों के सेप्टिक टैंक में काम कराने पर सवाल खड़े कर दिए हैं।