दिल्ली में दिखेगी छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की भव्य झलक, 7 पारंपरिक नृत्यों से सजेगी सांस्कृतिक संध्या

रायपुर, 19 नवंबर 2026। देश की राजधानी नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और जनजातीय परंपराओं की गूंज सुनाई देगी। 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के अंतर्गत शुक्रवार, 20 नवंबर को भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। शाम 5 बजे से एम्फी थिएटर-01 में होने वाले इस समारोह में प्रदेश के लोक कलाकार सात पारंपरिक नृत्य शैलियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत की आकर्षक प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समारोह की अध्यक्षता करेंगे।

इस सांस्कृतिक आयोजन में गौर नृत्य, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य विशेष आकर्षण होंगे। इन प्रस्तुतियों के जरिए बस्तर की जनजातीय परंपराओं, ग्रामीण जीवन, लोक आस्था और सामुदायिक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। खास तौर पर बस्तर का गौर नृत्य प्रकृति और जनजातीय जीवन से जुड़ी परंपराओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेगा। वहीं राउत नाचा, सुआ और पंथी नृत्य छत्तीसगढ़ की अलग-अलग सामाजिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं को प्रदर्शित करेंगे।

भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ का पवेलियन भी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां बस्तर की प्रसिद्ध बेलमेटल कला, जनजातीय आभूषण, पारंपरिक हस्तशिल्प, चांपा की कोसा सिल्क, हथकरघा वस्त्र और वनोपज से तैयार हर्बल उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पादों के जरिए प्रदेश की कृषि एवं वन संपदा को भी पहचान मिल रही है। चित्रकोट जलप्रपात का वर्चुअल रियलिटी अनुभव आगंतुकों को बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता से रूबरू करा रहा है।

इस आयोजन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक कलाओं, जनजातीय विरासत, स्थानीय हुनर और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। व्यापार मेले के मंच से छत्तीसगढ़ अपनी संस्कृति, कला और विकास की संभावनाओं को एक साथ देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *