जगदलपुर, 28 जनवरी 2026।
छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए करियर की दिशा तय करने का एक बड़ा अवसर सामने आया है। राज्य सरकार के प्रयासों से आगामी 31 जनवरी 2026 को राजधानी रायपुर के शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, सेजबहार परिसर में एक भव्य राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले का उद्देश्य तकनीकी रूप से प्रशिक्षित युवाओं को निजी एवं औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) बस्तर के प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी डॉ. ए.के. मांडले ने बताया कि बस्तर जिले के अंतर्गत संचालित विभिन्न शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं से उत्तीर्ण युवा इस मेले में भाग ले सकते हैं। विशेष रूप से बस्तर, बकावण्ड, भानपुरी, जगदलपुर, लोहण्डीगुड़ा, दरभा, तोकापाल, बास्तानार एवं नगरनार स्थित आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को प्राथमिकता के साथ आमंत्रित किया गया है।
रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों के साथ निर्धारित तिथि को सीधे मेला स्थल पर उपस्थित हो सकते हैं। प्रशासन की ओर से यह स्पष्ट किया गया है कि जिन प्रशिक्षणार्थियों का अभी तक रोजगार कार्यालय या औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था में पंजीयन नहीं हुआ है, वे भी निराश न हों। ऐसे युवा अपने नजदीकी आईटीआई में संपर्क कर तत्काल पंजीयन करवा सकते हैं।
यह राज्य स्तरीय रोजगार मेला बस्तर संभाग सहित पूरे प्रदेश के युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलने वाला साबित होगा, जहां वे सीधे कंपनियों से संपर्क कर अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर कदम बढ़ा सकेंगे।