आंगनबाड़ी सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं — कलेक्टर आकाश छिकारा ने दिए सख्त निर्देश

जगदलपुर, 23 फरवरी 2026। कलेक्टर आकाश छिकारा ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन करते हुए अधिकारियों को समेकित बाल विकास सेवाओं (ICDS) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रोएक्टिव होकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लक्षित बच्चों, गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और किशोरी बालिकाओं तक योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की नियमित उपस्थिति, पोषण आहार वितरण, टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श सेवाओं की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया। साथ ही लक्षित बच्चों के सेल्फ आधार, अपार आईडी और सभी हितग्राहियों की आभा आईडी बनाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 के तहत प्रकरणों के त्वरित निराकरण और सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को समन्वित सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के रिक्त पदों की भर्ती निर्धारित समय सीमा में पूरी करने, विभागीय योजनाओं की प्रगति तेज करने और उपलब्ध बजट का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दिशा दर्शन योजना और महिला जागृति शिविरों के आयोजन के लिए शीघ्र कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा गया।
प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना में लक्ष्य से अधिक प्रगति के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बढ़ाने, क्षेत्रवार निगरानी मजबूत करने और फील्ड विजिट के माध्यम से योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में आंगनबाड़ी भवन, शौचालय निर्माण, सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र विकास, सखी वन स्टॉप सेंटर तथा बाल देखरेख संस्थानों की संचालन स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास मनोज सिन्हा सहित सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *