दुर्ग 13सितंबर 2026/जिले के रिसाली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भाजपा नेता पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। जोरातराई इलाके में हुई इस वारदात में भाजपा नेता राजेंद्र सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
चाय पीने के दौरान अचानक हमला
जानकारी के अनुसार, राजेंद्र सिंह यादव शनिवार सुबह जोरातराई स्थित एक होटल में चाय पी रहे थे। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उनके गले पर गंभीर चोट लगी। अचानक हुई इस वारदात से होटल में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
घायल अवस्था में राजेंद्र यादव को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुराने परिचय की भी सामने आई बात
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि घायल भाजपा नेता और हमले के आरोपी के बीच करीब चार साल पहले दोस्ती थी। हालांकि, पिछले कुछ समय से दोनों के बीच बातचीत नहीं होने की बात सामने आई है। ऐसे में हमला किस वजह से किया गया, इसकी जांच पुलिस कर रही है।
घटना को रिसाली नगर निगम चुनाव से जोड़कर भी चर्चा की जा रही है, लेकिन पुलिस ने फिलहाल चुनावी विवाद को हमले की वजह नहीं माना है।
आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें
एएसपी मणिशंकर चंद्रा के अनुसार, उतई थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद यह घटना हुई। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद हमले की वजह और घटनाक्रम को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल राजेंद्र सिंह यादव का सेक्टर-9 अस्पताल में इलाज जारी है।