रायपुर। 13सितंबर 2026/छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश का दौर जारी रहा, जबकि बस्तर संभाग के कुछ इलाकों के साथ रायपुर और दुर्ग संभाग में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट आई है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज हुई हैं। इस मौसम प्रणाली से जुड़े चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव ऊंचाई वाले क्षेत्रों तक बना हुआ है और इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।
धनोरा में 140 मिलीमीटर बारिश
पिछले 24 घंटों में धनोरा में सबसे अधिक 140 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बस्तर में 100 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि पखांजूर, नानगुर, कोंडागांव और अंतागढ़ में करीब 90-90 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। दुर्ग, राजनांदगांव और बिलासपुर संभाग के कई हिस्सों में भी अच्छी बारिश हुई।
बारिश के कारण प्रदेश के कई इलाकों में तापमान नीचे आया है। पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
रायपुर रेलवे स्टेशन पर बारिश ने खोली व्यवस्था की पोल
राजधानी रायपुर में बारिश के बीच रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्लेटफार्म नंबर-1 पर शेड से पानी टपकने के कारण कई जगह फर्श गीला और फिसलन भरा हो गया। यात्रियों को बारिश के पानी से बचने के लिए जगह बदलनी पड़ी।
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले भी तेज बारिश के दौरान स्टेशन के प्लेटफार्म पर शेड से पानी गिरने का वीडियो सामने आया था। इसके बाद रेल प्रबंधन की ओर से पाइप और जालियों की सफाई तथा खराब पंखों को बदलने की कार्रवाई की गई थी। हालांकि शेड से पानी रिसने की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।
रविवार को बस्तर में भारी बारिश की संभावना
मौसम केंद्र रायपुर के पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार को बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।
वहीं सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। ऐसे में बारिश के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।