तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन दोस्तों को मारी टक्कर, तीनों की मौत; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

अलवर 13सितंबर 2026/अरावली विहार थाना क्षेत्र के काली मोरी स्थित मोती नगर में शनिवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रात करीब 10:15 बजे तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक और कार नाले की करीब पांच फीट ऊंची दीवार से जा टकराईं और दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक उछलकर नाले में जा गिरा।

मृतकों की पहचान चोर डूंगरी निवासी जितेंद्र सिंह उर्फ छोटू (22), तहसीलदार कॉलोनी निवासी युवराज उर्फ युवी (21) और काला कुआं निवासी हिमांशु (22) के रूप में हुई है। पुलिस तीनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने हादसे को बताया साजिश

घटना के बाद मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग रविवार सुबह जिला अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि यह महज सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश के चलते तीनों युवकों को कार से कुचलने की घटना हो सकती है।

युवराज के पिता ने आरोप लगाया कि उनके बेटे का कुछ युवकों से विवाद चल रहा था। परिजनों का दावा है कि जिस कार से बाइक को टक्कर लगी, वह एक युवक के नाम पर पंजीकृत है। उनका यह भी कहना है कि कार में कई युवक सवार थे और घटना के बाद वे वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।

टक्कर इतनी भीषण कि दीवार टूटी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक आगे चल रही थी और पीछे से तेज गति में आ रही कार ने मोड़ के पास उसे जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद दोनों वाहन नाले की दीवार से जा भिड़े। टक्कर की आवाज काफी तेज थी। कार के एयरबैग खुल गए, जबकि बाइक सवार युवकों को गंभीर चोटें आईं।

तीनों थे बचपन के दोस्त

जितेंद्र, युवराज और हिमांशु लंबे समय से एक-दूसरे के दोस्त थे और अक्सर साथ रहते थे। हादसे के वक्त भी तीनों बाइक से शहर की ओर निकले थे। युवराज ताइक्वांडो खिलाड़ी था और होटल में काम करता था। जितेंद्र भी होटल और रंगोली गार्डन में काम करता था, जबकि हिमांशु भजन गायक था।

पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद सीओ सिटी राजेश कसाना और अरावली विहार थाना प्रभारी सुनील टांक मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला तेज रफ्तार के कारण हुआ सड़क हादसा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने उनकी शिकायत को ध्यान में रखते हुए मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

परिजनों ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि जब तक मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, वे शव लेने को तैयार नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *