कैलिफोर्निया13सितंबर 2026/अमेरिका के कैलिफोर्निया में भारतीय मूल की 38 वर्षीय महिला शालिनी ठाकुर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि 22 वर्षीय युवक रोहित लंबे समय से शालिनी का पीछा कर रहा था और उसे परेशान करता था। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी ने खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी करीब एक साल से शालिनी पर नजर रख रहा था। वह कथित तौर पर उनके घर के आसपास घूमता था और उनकी कार के टायर तक पंचर कर देता था। इतना ही नहीं, उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कार में एप्पल एयरटैग लगाए जाने की बात भी सामने आई है।
मामला तब और गंभीर हो गया जब आरोपी ने कथित तौर पर घर की नकली चाबी तैयार कर ली और शालिनी के सोने के दौरान उनके घर में घुस गया। आरोप है कि वह शालिनी पर शादी के लिए दबाव बना रहा था और उनकी निजी जिंदगी को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा था।
घटना के दिन शालिनी सैक्रामेंटो के आर्डेन आर्केड इलाके में अपने कार्यस्थल के पास पहुंची थीं। इसी दौरान आरोपी ने उनका पीछा किया और कथित तौर पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल शालिनी की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। हाईवे-50 पर पुलिस ने उसकी गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। पुलिस से घिरता देख आरोपी ने कथित तौर पर कार के भीतर खुद को गोली मार ली।
जानकारी के अनुसार, शालिनी ने पहले भी कथित उत्पीड़न से बचने के लिए मदद मांगी थी और प्रतिबंधात्मक आदेश लेने की प्रक्रिया शुरू की थी। घटना के बाद उनकी मां ने समय रहते पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिलने का आरोप लगाया है।
इस घटना ने अमेरिका में पीछा करने और लगातार उत्पीड़न की शिकायतों पर पुलिस की कार्रवाई तथा पीड़ितों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।