जगदलपुर, 8 मार्च 2026।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला बस्तर में जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
क्रीड़ा परिसर धरमपुरा में वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, रस्साकशी और खो-खो प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, वहीं इंदिरा स्टेडियम में फुटबॉल और बैडमिंटन के मुकाबले संपन्न हुए। प्रतियोगिता में जिले के सभी विकासखंडों से करीब 350 महिला और बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव ने इंदिरा स्टेडियम पहुंचकर फुटबॉल खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साह बढ़ाया।
समापन समारोह में महापौर संजय पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभापति खेमसिंह देवांगन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर ऋषिकेश तिवारी, पार्षद पूनम सिन्हा और पार्षद निर्मल पाणीग्राही भी मौजूद रहे।
महापौर संजय पांडे ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों, व्यायाम शिक्षकों, प्रशिक्षकों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में खेल अधिकारी सुशांत पॉल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
महिला दिवस पर खेलों में दिखा नारी शक्ति का दम, 350 खिलाड़ियों ने मैदान में दिखाई प्रतिभा