दंतेवाड़ा, 18 अक्टूबर 2026। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के बचेली थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹18,750 नकद, 52 पत्ते ताश, दो प्लास्टिक चटाई और चार दोपहिया वाहन जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नेरली में जंगल नाला के किनारे कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर रुपये का दांव लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर बचेली पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे चार लोगों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील तेलाम निवासी धुरली, थाना भांसी; शंकर लाल निवासी मैलावाड़ा तरलापारा, थाना कुआकोंडा; दीपक मंडावी निवासी किलेपाल, हाल निवासी रेलवे कॉलोनी, बचेली और विनोद लखेरा निवासी बैंक कॉलोनी, बचेली के रूप में हुई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 18 एस 7078, होंडा मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 18 एम 2701, बिना नंबर की यामाहा क्रक्स मोटरसाइकिल और स्कूटी क्रमांक सीजी 18 एस 2620 जब्त की है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खूंटे और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अविनाश ठाकुर के मार्गदर्शन में की गई। दंतेवाड़ा पुलिस ने नागरिकों से जुआ-सट्टा सहित अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।