बीजापुर, – थाना भोपालपटनम् एवं थाना मद्देड़ क्षेत्रांतर्गत सुरक्षा बलों ने अलग-अलग कार्यवाहियों में माओवादियों की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए भारी मात्रा में IED और माओवादी डंप बरामद किया है। समय रहते विस्फोटक बरामद होने से किसी बड़ी घटना को टाल दिया गया।
थाना मद्देड़ क्षेत्र के सोमनपल्ली–बंदेपारा कच्चे मार्ग पर माओवादियों द्वारा श्रृंखलाबद्ध तरीके से लगाए गए 10-10 किलोग्राम के दो कमांड IED सुरक्षा बलों ने सतर्कता के साथ बरामद किए। इन IED को मद्देड़ पुलिस एवं बीडीएस टीम ने मौके पर सुरक्षित रूप से कब्जे में लिया, जिसके बाद बीडीएस बीजापुर टीम द्वारा सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही नष्ट किया गया।
इसी क्रम में थाना भोपालपटनम् क्षेत्र के कोण्डापड़गु जंगल में सर्चिंग एवं डी-माईनिंग अभियान के दौरान कैम्प कांडलापर्ती-2 से केरिपु 214 बटालियन एवं जिला बल की संयुक्त टीम ने 02-02 किलोग्राम के दो प्रेशर IED बरामद किए। बरामद IED को केरिपु 214 की बीडीडी टीम द्वारा मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट किया गया।
सर्च अभियान के दौरान कोण्डापड़गु क्षेत्र में माओवादियों द्वारा जमीन के भीतर गड्ढा खोदकर छुपाकर रखे गए दो सफेद ड्रम भी बरामद किए गए, जिनमें माओवादियों की रसद सामग्री संग्रहित पाई गई।
सुरक्षा बलों की इस प्रभावी कार्रवाई से माओवादियों की बड़ी साजिश विफल हुई है। क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों के विरुद्ध सुरक्षा बलों की कार्रवाई लगातार जारी है और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
बीजापुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबीसड़क पर बिछे मौत के जाल को किया नाकाम, IED और माओवादी डंप बरामद