बैकुंठपुर में 12 हाथियों का डेरा, रातभर दहशत में रहे ग्रामीण; धान की फसल रौंदी

कोरिया15सितम्बर 2026/बैकुंठपुर वन मंडल क्षेत्र में 12 हाथियों के दल की मौजूदगी से ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। हाथियों का दल दिन में दामुज क्षेत्र के जंगल में आराम करता रहा, जबकि रात के समय नगर और दुर्गापुर गांव से होते हुए भंडारपारा के रास्ते सलका गांव की कांदाबाड़ी तक पहुंच गया।

हाथियों के गांव के आसपास पहुंचने की खबर मिलते ही ग्रामीण सतर्क हो गए और पूरी रात दहशत के बीच गुजारी। इस दौरान हाथियों के दल ने खेतों में लगी धान की फसल को नुकसान पहुंचाया। फसल बर्बाद होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।

हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग और बिजली विभाग की टीमें अलर्ट पर हैं। विभागीय अमला हाथियों के मूवमेंट पर लगातार नजर रख रहा है, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

वन विभाग की टीम खेतों में हुए नुकसान का जायजा लेगी। नुकसान का आकलन होने के बाद प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया की जाएगी।

वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों के दल से दूरी बनाए रखने और उनके करीब न जाने की अपील की है। साथ ही हाथियों की मौजूदगी या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *