कुएं से निकला भालू हुआ बेकाबू: रेस्क्यू के बाद तीन लोगों पर हमला, 14 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल

बैकुंठपुर, 19 जुलाई 2026। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के जनकपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम च्यूल में शनिवार को एक भालू के रेस्क्यू के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कुएं में गिरे भालू को वन विभाग ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन बाहर आते ही भालू ने अचानक आसपास मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में 14 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो महिलाओं को भी चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, ग्राम च्यूल निवासी राकेश के घर के कुएं में एक भालू गिर गया था। भालू को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर जनकपुर वन परिक्षेत्र की टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

वन विभाग के कर्मचारियों ने कुएं में सीढ़ी डालकर भालू को बाहर निकलने का रास्ता दिया। काफी मशक्कत के बाद भालू सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन घबराहट और भीड़ के कारण वह अचानक उग्र हो गया और लोगों की ओर दौड़ पड़ा।

भालू के हमले में प्रदीप सिंह (14 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं मुन्नी बाई (50 वर्ष) और बाल कुमारी (65 वर्ष) को हल्की चोटें आईं, जिन्हें उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वन विभाग की टीम ने स्थिति को नियंत्रित किया और ग्रामीणों से अपील की कि जंगली जानवरों के रेस्क्यू के दौरान भीड़ न लगाएं तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

वन विभाग ने जंगल से लगे क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि जंगली जानवर दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना दें और किसी भी तरह की जोखिम भरी स्थिति से बचें। फिलहाल विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *