पूजा पैकरा को न्याय दिलाने सड़कों पर उतरा आदिवासी समाज, बैकुंठपुर में विशाल रैली; एक हफ्ते में कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

20जुलाई 2026

कोरिया। पूजा पैकरा आत्महत्या मामले में न्याय की मांग को लेकर बैकुंठपुर में रविवार को सर्व आदिवासी समाज के नेतृत्व में विशाल रैली निकाली गई। रैली में सामाजिक संगठनों, परिजनों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लेकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

रैली के दौरान लोग हाथों में पोस्टर लेकर एसपी कार्यालय का घेराव करने निकले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इसके बाद कुमार चौक पर प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए पूजा पैकरा को न्याय दिलाने की मांग उठाई। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी आंदोलन में शामिल रहीं।

परिजनों और प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आईसी मार्ट के संचालक और अन्य लोगों की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर पूजा पैकरा ने 8 जुलाई को आत्महत्या कर ली थी। मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी विनोद वैद्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन दो अन्य नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

प्रदर्शन के बाद सर्व आदिवासी समाज और पीड़ित परिवार ने कोरिया पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कठोरतम सजा की मांग की। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो पूरे जिले में व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *