कांकेर – जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से कांकेर पुलिस द्वारा एक अहम पहल की गई। पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार 15 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कांकेर में चैंबर ऑफ कॉमर्स, पेट्रोल पम्प संचालकों एवं मेडिकल स्टोर संचालकों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दुकानों, पेट्रोल पम्पों एवं मेडिकल स्टोरों में मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वार, कैश काउंटर, रिसेप्शन एरिया, गोदाम एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
सराफा व्यवसाय की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बुर्का, नकाब, घूंघट अथवा हेलमेट पहनकर आने वाले व्यक्तियों की एंट्री पर प्रतिबंध से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। बैठक में यूपीआई फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट सहित विभिन्न साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए तथा विशेष रूप से महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर जागरूक किया गया।
इसके अलावा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन पर जोर देते हुए शराब पीकर वाहन न चलाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग की अपील की गई। वहीं मेडिकल स्टोर संचालकों को बिना डॉक्टर की वैध पर्ची के दवाइयां न बेचने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
कांकेर पुलिस की यह पहल पुलिस और व्यापारिक समुदाय के बीच समन्वय को मजबूत करने के साथ-साथ जिले में सुरक्षित वातावरण स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने कांकेर पुलिस का एक्शन प्लान