जगदलपुर – नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बस्तर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बोधघाट क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल की बिक्री के लिए ले जा रहे एक आदतन आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित ट्रामोडोल स्पास्मो प्रॉक्सीवोन कैप्सूल जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित खुदरा कीमत लगभग 12 लाख 86 हजार 400 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में नशे के सौदागरों एवं आपराधिक तत्वों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 17 जनवरी 2026 की सुबह थाना बोधघाट को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति अवैध नशीली कैप्सूल बिक्री के उद्देश्य से मिशन ग्राउंड स्कूल के पीछे एक झोले में रखकर जगदलपुर आया है।
सूचना की तस्दीकी पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक गीतिका साहू के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी बोधघाट लीलाधर राठौर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद सिराज पिता अब्दुल रज्जाक, उम्र 29 वर्ष, निवासी महादेव घाट शिव मंदिर वार्ड, थाना कोतवाली, जगदलपुर बताया। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से झोले में रखे कुल 30 पत्तों में 240 नग प्रतिबंधित ट्रामोडोल स्पास्मो प्रॉक्सीवोन कैप्सूल, कुल वजन 160.8 ग्राम बरामद किए गए, जिन्हें विधिवत् जप्त किया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आदतन अपराधी है और वर्ष 2023 में भी NDPS एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी के विरुद्ध NDPS एक्ट की धारा 21(B) के तहत मामला दर्ज कर उसे 17 जनवरी 2026 को माननीय विशेष न्यायालय NDPS, जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी।
नशे के सौदागरों पर बस्तर पुलिस का बड़ा प्रहार240 नग प्रतिबंधित ट्रामोडोल कैप्सूल के साथ आदतन आरोपी गिरफ्तार