काफिले की रफ्तार बनी हादसे की वजह? सूरजपुर में मंत्री के पायलट वाहन की टक्कर से युवक गंभीर घायल

सूरजपुर, 28 फरवरी 2026।
जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत केनापारा इलाके में शनिवार को एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम के काफिले की पायलटिंग कर रही पुलिस वाहन ने एक स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान पायलट वाहन तेज रफ्तार में था। इसी दौरान सामने से आ रहे स्कूटी सवार को वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें वाहन की रफ्तार साफ नजर आ रही है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
हादसे के बाद पायलट वाहन चालक के मौके से चले जाने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि चालक वाहन लेकर वहां से निकल गया, जबकि अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर मौजूद रहे। इस पर भी सवाल उठ रहे हैं।
जयनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल भिजवाया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *