दंतेवाड़ा, 7 अगस्त। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा द्वारा शुक्रवार को एनएमडीसी डीएवी पॉलिटेक्निक, दंतेवाड़ा में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
पुलिस अधीक्षक दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा श्री चंद्रमोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार खूँटे एवं उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री नसर उल्लाह सिद्दीकी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री नसर उल्लाह सिद्दीकी ने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन बचाने वाले सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच हैं। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से आईएसआई (ISI) मार्क वाला हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।
इस दौरान एएसआई श्री जितेन्द्र त्रिपाठी ने मोटर वाहन अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने के नियमों से अवगत कराया।
कार्यशाला के समापन पर सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
इस अवसर पर एएसआई श्री जितेन्द्र त्रिपाठी, आरक्षक आदित्य कंदोई, कन्हैया सिन्हा एवं ललित बारला उपस्थित रहे।