24मई 2026
जगदलपुर। बस्तर जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने बस्तर और बडांजी क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर अवैध रूप से रेत ढो रहे 2 टिप्पर और 2 ट्रैक्टर को जब्त किया। कार्रवाई के बाद सभी वाहनों को रेत सहित पुलिस थाना बस्तर की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग को लगातार अवैध रेत परिवहन और भंडारण की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद खनि अधिकारी शिखर चेरपा के मार्गदर्शन में जिला खनिज जांच दल ने अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश दी। जांच के दौरान वाहन चालकों के पास रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। इसके अलावा ग्राम पालाबहार और बड़े आमाबाल क्षेत्र में अवैध रूप से रेत भंडारण का मामला भी सामने आया, जिस पर विभाग ने अलग से प्रकरण दर्ज किया है।
कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी जागृत गायकवाड़, खनि निरीक्षक अंकित पुरी सहित विभागीय टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी मामलों में नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि जिले में खनिज संपदा की अवैध निकासी रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। लगातार हो रही कार्रवाइयों से रेत माफियाओं में हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है।