नारायणपुर में आईटीबीपी ने बीमार महिला का किया सफल रेस्क्यू, समय पर पहुंचाया उपचार तक
24मई 2026
नारायणपुर। घने जंगल, दुर्गम रास्ते और हर पल चुनौती से भरे हालात के बीच 29वीं वाहिनी आईटीबीपी के जवानों ने मानवता और सेवा का मिसाल पेश करते हुए गंभीर रूप से बीमार महिला का सफल रेस्क्यू किया।
जानकारी के अनुसार,23मई को नारायणपुर के अंदरूनी क्षेत्र में एक महिला की तबीयत अचानक बेहद खराब हो गई थी। इलाके में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण समय पर अस्पताल पहुंचाना बड़ी चुनौती बन गया। सूचना मिलते ही आईटीबीपी के जवान तत्काल मौके के लिए रवाना हुए।
दुर्गम रास्तों और कठिन परिस्थितियों के बीच जवानों ने मोटरसाइकिल के जरिए महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। रास्ते में प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई गई और सभी सीसी कैंपों के बेहतर समन्वय से महिला को जल्द उपचार तक पहुंचाया गया।
आईटीबीपी के इस मानवीय कार्य की क्षेत्र में सराहना हो रही है। जवानों की तत्परता और सेवा भावना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वर्दी केवल सुरक्षा का प्रतीक नहीं, बल्कि इंसानियत की पहचान भी है।