5जून2026
नारायणपुर। माड़ क्षेत्र में शांति, विकास और जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे माड़ मैत्री अभियान के तहत ग्राम उसेबेड़ा में पुलिस और आईटीबीपी द्वारा विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी समस्याओं व आवश्यकताओं को अधिकारियों के सामने रखा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस एवं सुरक्षा बलों के अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने घोटुलपारा में पेयजल आपूर्ति की समस्या से अवगत कराया, जिस पर संबंधित विभाग के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
इस अभियान की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि ग्राम उसेबेड़ा में स्थापित नक्सली स्मारक को हटाना रही। ग्रामीणों की सहमति, सहयोग और सक्रिय सहभागिता से स्मारक को नष्ट किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में शांति और विकास के लिए पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा किए जा रहे प्रयासों का समर्थन किया। ग्रामीणों का कहना था कि अब वे हिंसा और भय के बजाय विकास, शिक्षा और बेहतर भविष्य के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया। साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। इससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं तक पहुंच बनाने में मदद मिली।
पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया और 41वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट बेनुधर नायक के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम ग्रामीणों और सुरक्षा बलों के बीच आपसी विश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ। “विग्रह से विश्वास” की भावना को साकार करते हुए यह पहल माड़ क्षेत्र में शांति, विकास और जनकल्याण की नई उम्मीद लेकर आई है। ग्रामीणों ने भी इस अभियान को क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ता एक सकारात्मक कदम बताया।