हरदा में जमीन विवाद ने ली खूनी करवट, पिता-पुत्र ने युवक पर किया दरांती से हमला; मौत

हरदा, 19नवंबर 2026। मध्य प्रदेश के हरदा जिले में संपत्ति विवाद को लेकर एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि बहन के जमीन में हक के लिए कोर्ट में केस लड़ रहे भाई को पिता-पुत्र ने रास्ते में रोककर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, घटना करताना चौकी क्षेत्र की है। मृतक की बहन प्रमिला ने करीब आठ साल पहले जगन यदुवंशी से प्रेम विवाह किया था। करीब डेढ़ साल पहले पति की मौत के बाद प्रमिला और उसके बच्चों को ससुराल से निकालने तथा पैतृक जमीन में हिस्सा नहीं देने का आरोप है।

बहन और उसके बच्चों को उनका हक दिलाने के लिए मृतक राकेश यादव ने कोर्ट में मामला दायर किया था। इसी बात को लेकर रंजिश होने की बात सामने आई है।

बताया गया कि मंगलवार को राकेश बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पिता-पुत्र ने उन्हें रोक लिया और दरांती से हमला कर दिया। हमले में राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे जमीन विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *