बस्तर के अंतिम छोर तक दौड़ेगी बसें, कलेक्टर आकाश छिकारा की पहल से नए ग्रामीण रूट तैयार

जगदलपुर, 12 फरवरी 2026।
बस्तर जिले के दूरस्थ और दुर्गम ग्रामीण इलाकों को अब सार्वजनिक परिवहन से जोड़ने की दिशा में बड़ी पहल शुरू हो गई है। कलेक्टर  आकाश छिकारा के निर्देश पर मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना का विस्तार करते हुए नए ग्रामीण रूटों का खाका तैयार किया जा रहा है।
जिले के कई ऐसे अंदरूनी क्षेत्र हैं जहाँ सड़कें तो बन चुकी हैं, लेकिन यात्री बसों के अभाव में ग्रामीणों को आज भी मीलों पैदल चलना पड़ता है या निजी साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। इसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में इस मुद्दे को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
कलेक्टर छिकारा का स्पष्ट विजन है कि विकास केवल सड़कों के निर्माण तक सीमित न रहे, बल्कि उन सड़कों पर नियमित और सुव्यवस्थित बस सेवा भी संचालित हो, ताकि ग्रामीणों की बाजार, अस्पताल और शिक्षण संस्थानों तक पहुंच आसान हो सके।
इसी क्रम में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों और जनपद सीईओ को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे नए मार्गों की पहचान करें जहाँ तत्काल बस सेवा की आवश्यकता है। एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रस्ताव राज्य शासन को भेजकर शीघ्र बस संचालन शुरू कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *